
आजमगढ़ के हरिऔध कला केंद्र में आयोजित एक निजी श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा। अपने चिर-परिचित आक्रामक अंदाज में उन्होंने सपा की पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) राजनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव को “फर्जी पीडीए” की बात करना बंद कर देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि असली पीडीए भारतीय जनता पार्टी है।
डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव आजमगढ़ से सांसद रहे हैं और उनके शासनकाल में सबसे अधिक शोषण एवं उत्पीड़न पिछड़े और दलित समाज का हुआ। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी वर्गों को सम्मान और प्रतिनिधित्व मिलता है। उन्होंने स्वयं का, दारा सिंह चौहान और सहजानंद राय का उदाहरण देते हुए कहा कि यही असली पीडीए है और भाजपा सामाजिक समरसता का शानदार गुलदस्ता है।
केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर परिवारवाद और तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सपा परिवारवाद, भ्रष्टाचार और गुंडों-माफियाओं की समर्थक पार्टी है तथा मुस्लिम तुष्टिकरण की घटिया राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही वर्तमान भी है और भविष्य भी।
राम मंदिर से जुड़े मुद्दे पर अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका परिवार रामभक्तों पर गोली चलवाने के लिए जाना जाता है, जबकि भाजपा भगवान श्रीराम के आदर्शों पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि संबंधित मामले में पुलिस जांच कर रही है और कानून अपना काम कर रहा है।
अखिलेश यादव द्वारा समाजवादी पार्टी को सनातन से जोड़ने के बयान पर भी केशव प्रसाद मौर्य ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी वास्तव में “नमाजवादी पार्टी” है।
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में डिप्टी सीएम ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव 270 सीटें जीतने का “मुंगेरीलाल का हसीन सपना” देख रहे हैं, जो कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने जा रही है।
उन्होंने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव के परिणाम से भाजपा कार्यकर्ता जरूर चौंके थे, लेकिन उसके बाद हुए विभिन्न चुनावों में पार्टी लगातार जीत दर्ज कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है और जनता का विश्वास पार्टी के साथ है।
डिप्टी सीएम ने डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2014 और 2017 से पहले की उत्तर प्रदेश की तस्वीर अब पूरी तरह बदल चुकी है। सड़क, बिजली, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं में व्यापक सुधार हुआ है। साथ ही प्रदेश में गुंडों, माफियाओं और अराजक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था मजबूत की गई है।
उन्होंने आजमगढ़ के कार्यकर्ताओं से विशेष अपील करते हुए कहा कि पिछली बार भाजपा यहां एक भी सीट नहीं जीत सकी थी, इसके बावजूद पार्टी ने प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। इस बार कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि आजमगढ़ से भी भाजपा को जीत दिलाई जाए। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी।
