
आजमगढ़। कमिश्नर की सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर पुलिस लाइन लौट रहे आरक्षी बलवंत सिंह यादव की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। गुरुवार को पुलिस लाइन में उन्हें पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम श्रद्धांजलि दी गई।
पुलिस के अनुसार, बुधवार रात करीब 11 बजे सिधारी थाना क्षेत्र के बेलईशा पुल के पास आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर अनुबंधित बस की टक्कर से आरक्षी बलवंत सिंह यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वह ड्यूटी समाप्त कर पुलिस लाइन वापस लौट रहे थे।
दिवंगत आरक्षी बलवंत सिंह यादव चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव के निवासी थे। उनका जन्म 7 मार्च 1997 को हुआ था और 17 दिसंबर 2022 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस के पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती कमिश्नर, आजमगढ़ की सुरक्षा गार्ड ड्यूटी में थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए परिजनों को सूचित किया। गुरुवार को पुलिस लाइन, आजमगढ़ में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुवन कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन, क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी, क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को नम आंखों से अंतिम विदाई देते हुए उनकी आत्मा की शांति की प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
