
आजमगढ़, 18 जुलाई 2026। रानी की सराय थाना पुलिस ने युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और दुष्कर्म के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना रानी की सराय में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री को 19 जून 2026 की सुबह करीब 5 बजे सूरज कुमार बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। मामले में थाना रानी की सराय पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म की धारा भी बढ़ाई गई।
शनिवार सुबह उपनिरीक्षक मो. शाहिद खान पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रुदरी अंडरपास के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सूरज कुमार पुत्र स्वर्गीय अवधेश राम, निवासी ग्राम रुदरी, थाना रानी की सराय को सुबह करीब 7:30 बजे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश कर दिया गया।
नोट: यह मामला पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर और गिरफ्तारी पर आधारित है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा साक्ष्यों के आधार पर किया जाएगा।
