
आजमगढ़। हरबंशपुर स्थित सर्वोदय पब्लिक स्कूल में शनिवार को 11वें पदग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव, निदेशिका कंचन यादव तथा प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों—राजगुरु, आजाद, सुभाष और भगत सदन—के नवनिर्वाचित कप्तानों एवं उपकप्तानों को उनके सदनों के ध्वज सौंपकर नेतृत्व एवं अनुशासन की जिम्मेदारी प्रदान की गई। राजगुरु सदन के कप्तान कौशिक राय और आजाद सदन की कप्तान डेजी यादव सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने दायित्व ग्रहण किए।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अनुशासन विभागों के लिए भी छात्र-छात्राओं को विभिन्न पदों की जिम्मेदारी सौंपते हुए संबंधित विभागों के ध्वज प्रदान किए गए। विद्यालय प्रशासन ने इसे विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, जिम्मेदारी और अनुशासन की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक राजेंद्र प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि किसी भी शिक्षण संस्थान की सफलता उसके सभी स्तंभों की जिम्मेदारियों के समुचित निर्वहन पर निर्भर करती है। उन्होंने पद ग्रहण करने वाले विद्यार्थियों से विद्यालय की व्यवस्था को अनुशासित एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्या सुकांशा अवस्थी ने विद्यार्थियों के उत्साह और प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में नेतृत्व, आत्मविश्वास और उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं, जो उनके सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
