दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष के हिरासत में लिए जाने के विरोध में धरने पर बैठे सपाई, नीट छात्रों को न्याय दिए जाने को उठाई आवाज

Uncategorized

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत विपक्ष के अन्य नेताओं की हिरासत के विरोध में मंगलवार देर शाम आजमगढ़ में समाजवादी पार्टी के नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट स्थित अंबेडकर पार्क के मुख्य गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। धरने के दौरान सपा नेताओं ने सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन करने का आरोप लगाते हुए नीट-2026 अभ्यर्थियों को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट-2026 परीक्षा को लेकर चल रहे आंदोलन के दौरान छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और विपक्षी नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में जिले के सपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पर एकजुट हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों की आवाज़ को दबाने और विपक्षी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई कर लोकतांत्रिक मूल्यों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और विपक्ष के खिलाफ की जा रही कार्रवाई पर रोक लगाने की मांग की।
धरने का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने किया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक संग्राम यादव, विधायक अखिलेश यादव, विधायक नफीस अहमद, युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष शिशुपाल सिंह, बबिता चौहान सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे। नेताओं ने कहा कि जब तक नीट-2026 के अभ्यर्थियों को न्याय नहीं मिलता और विपक्ष के खिलाफ कार्रवाई बंद नहीं होती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
उधर, कलेक्ट्रेट परिसर में अचानक बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं के पहुंचने की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और पूरे कलेक्ट्रेट क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर लगातार नजर बनाए रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *