आजमगढ़: जयमाल के दौरान कूलर की हवा को लेकर विवाद, चाकूबाजी में युवक की मौत; 4 घायल, गोरखपुर से आई थी बारात, आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस टीम गठित

Uncategorized


आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर, अजमतगढ़ में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब जयमाल के दौरान कूलर की हवा को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। देखते ही देखते घराती और बाराती पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान चाकू भी चल गए, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
इस घटना में आमिर चंद्र साहनी (26) पुत्र मिठाईलाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजकुमार साहनी पुत्र परशुराम, अभिलाष साहनी पुत्र प्रहलाद और साहिल यादव पुत्र तारकेश्वर (निवासी ग्राम बेलसरी, चेनपुर, पोस्ट टाड़ा, जनपद गोरखपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाल के दौरान कूलर की हवा किस ओर जाएगी, इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई थी। धीरे-धीरे मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। शादी समारोह में मौजूद लोगों में भगदड़ मच गई और खुशी का माहौल चीख-पुकार में बदल गया।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी सगड़ी और जीयनपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर ली गई है और मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमों का गठन कर दिया गया है और जल्द ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जिसे देखते हुए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *