छत के रास्ते घर में घुस कर लाखों की चोरी, 15–16 लाख के जेवर और सवा लाख नकद ले उड़े चोर, पुलिस मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के जुटी

Uncategorized

आजमगढ़ के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहां) गांव में 20–21 जुलाई की रात चोरों ने एक घर में सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। छत के रास्ते घर में घुसे बदमाश करीब 15–16 लाख रुपये के जेवरात और लगभग 1.25 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
पीड़ित विजय राय ने बताया कि रात में पूरा परिवार एक ही कमरे में सो रहा था। सुबह करीब 3:30 बजे जब वह वॉशरूम जाने के लिए उठे तो घर के सभी दरवाजे खुले मिले और कमरों में रखे बक्सों के ताले व कुंडियां टूटी हुई थीं। सामान और कपड़े पूरे घर में बिखरे पड़े थे। इसके बाद शोर मचाने पर ग्रामीण जुटे और डायल-112 को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची बिलरियागंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच-पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। बाद में चोरी किए गए जेवरों के खाली डिब्बे और बैग गांव के सिवान में संकठा राय के ट्यूबवेल के पास खेत में पड़े मिले।
पीड़ित की पत्नी महिमा राय के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने के झुमके, बालियां, अंगूठियां, मंगलसूत्र, मांगटीका, नथिया, चांदी का ब्रेसलेट, 10 जोड़ी पायल, चार जोड़ी बिछिया समेत बड़ी मात्रा में आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घर में दीवार निर्माण के लिए रखे गए सवा लाख रुपये नकद भी चोर ले गए। हैरानी की बात यह रही कि चोर फ्रिज में रखा मीठा और अनार भी अपने साथ ले गए।
इसी रात चोरों ने गांव के ही राजेश राय के घर में भी चोरी की कोशिश की। सीढ़ी के दरवाजे का अकुड़ा कटर से काटते समय आवाज होने पर गृहस्वामी जाग गए, जिसके बाद चोर दरवाजा बाहर से बंद कर मौके से भाग निकले। सतर्कता के चलते वहां चोरी नहीं हो सकी।
पीड़ित की तहरीर पर बिलरियागंज थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। थाना प्रभारी अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही घटना के खुलासे का प्रयास किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *