आजमगढ़ में पुरानी रंजिश और पुश्तैनी जमीन विवाद में दो पक्ष आमने-सामने, दोनों ओर से मुकदमे दर्ज

Uncategorized

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाजबहादुर में पुरानी रंजिश और पुश्तैनी जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष के बाद दोनों ओर से मुकदमे दर्ज किए गए हैं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और टांगी से हमला करने, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने तथा मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष के मोहम्मद अनस पुत्र अब्दुल कुद्दूस, निवासी बाजबहादुर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह कान से खून निकलने के कारण उपचार करा रहा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर विपक्षी अब्दुल सला, आलम, आकी, अरसलान, सलमान, आलम और अदनान वहां पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति को भी चोटें आईं। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी और मौके पर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के मोहम्मद इलियास ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि दोनों पक्षों के बीच पुश्तैनी जमीन के बंटवारे का मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष विवादित भूमि पर जबरन निर्माण करा रहा था। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो पहले से मौजूद आरोपितों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और टांगी से हमला कर दिया। इस हमले में वह और उनके पिता घायल हो गए। घटना के दौरान गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए।
शहर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। एक मामले की विवेचना उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव को सौंपी गई है, जबकि दूसरे मुकदमे की भी जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *