
आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के नगर पंचायत कटघर लालगंज स्थित ठाकुरद्वारा मंदिर के पास गुरुवार शाम एक ट्यूबवेल की पानी की टंकी में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान गंभीरपुर थाना क्षेत्र के अछीछी गांव निवासी 35 वर्षीय मुन्ना पुत्र रामसमुझ के रूप में हुई। वह एक ढाबे पर कर्मचारी के रूप में काम करता था। मुन्ना चार भाइयों में सबसे बड़ा था। परिवार में पत्नी नीलम, मां चंपा और पांच वर्षीय बेटा अभी है। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब चार बजे मसीरपुर निवासी मनोज सिंह के ट्यूबवेल की पानी की टंकी में शव दिखाई देने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे। फिलहाल पुलिस संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
