
आजमगढ़। इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा जारी अधिसूचना के क्रम में आजमगढ़ दीवानी न्यायालय में कई न्यायिक अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। इस क्रम में अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एसीजेएम) रश्मि चन्द को पदोन्नत कर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) बनाया गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट ने सिविल जज (सीनियर डिवीजन) अनुपम कुमार त्रिपाठी को अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक कोर्ट) के पद पर नियुक्त किया था। उनके स्थानांतरण के बाद सिविल जज (सीनियर डिवीजन) का पद रिक्त हो गया था।
शुक्रवार को हाईकोर्ट की ओर से जारी नई अधिसूचना में न्यायिक अधिकारियों के क्षेत्राधिकार में व्यापक फेरबदल किया गया। इसके तहत एसीजेएम कोर्ट संख्या-11 के न्यायिक अधिकारी अंकित वर्मा को पुनः जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) का सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, वर्तमान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीतिका राजन को अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट संख्या-10 का दायित्व सौंपा गया है। इन स्थानांतरणों के परिणामस्वरूप एसीजेएम कोर्ट संख्या-11 का पद भी रिक्त हो जाएगा, जिस पर शीघ्र नई तैनाती होने की संभावना है।
