बीजेपी गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष बनने के बाद आजमगढ़ पहुंचे विनोद राय, दोहरीघाट सीमा से मुख्यालय तक भव्य स्वागत, कहीं 50 किलो की माला, कहीं जेसीबी-क्रेन से पुष्पवर्षा तो कहीं हाथी और बैंड-बाजे के साथ हुआ अभिनंदन, तकरार और धक्का मुक्की भी

Uncategorized

आजमगढ़। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं नवनियुक्त गोरखपुर क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय का रविवार को आजमगढ़ आगमन ऐतिहासिक स्वागत में बदल गया। दोहरीघाट सीमा से लेकर जिला मुख्यालय तक जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कहीं क्रेन और जेसीबी से पुष्पवर्षा की गई तो कहीं हाथी, बैंड-बाजे और विशाल फूलमालाओं के साथ उनका अभिनंदन हुआ।
दोहरीघाट सीमा पर जनपद में प्रवेश करते ही सगड़ी क्षेत्र के महुला से जीयनपुर बाजार तक कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के बनकट बाजार में पूर्व भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय के नेतृत्व में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। दोपहर करीब 12 बजे काफिले के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने करीब 50 किलो की फूलमाला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान “भारत माता की जय”, “भाजपा जिंदाबाद” और “विनोद राय जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
मऊ-आजमगढ़ सीमा से लेकर शहर तक विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उकरौड़ा ओवरब्रिज पर अखिलेश मिश्रा ‘गुड्डू’ के नेतृत्व में स्वागत समारोह आयोजित हुआ, जबकि सिविल लाइन में ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’ के नेतृत्व में हाथी और बैंड-बाजे के साथ उनका अभिनंदन किया गया। इसके बाद उनका काफिला हरिऔध कला केंद्र पहुंचा, जहां स्वागत कार्यक्रम एक बड़े संगठनात्मक सम्मेलन में तब्दील हो गया।
स्वागत से अभिभूत विनोद राय ने कहा कि कार्यकर्ताओं का सम्मान ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि वह जनता और कार्यकर्ताओं के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़े रहेंगे तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का संकल्प भी दोहराया।
पूर्व भाजपा प्रत्याशी सत्येंद्र राय ने कहा कि विनोद राय को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाए जाने से संगठन को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता पूरी एकजुटता के साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट गए हैं और संगठन की मजबूती के दम पर भाजपा सभी सीटों पर विजय हासिल करेगी।
इस अवसर पर भाजपा के पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता, युवा मोर्चा के सदस्य तथा बड़ी संख्या में समर्थक और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *