आजमगढ़ में दर्दनाक हादसा: तालाब में डूबने से दो स्कूली छात्रों की मौत, गांव में पसरा मातम

Uncategorized

आजमगढ़। देवगांव कोतवाली क्षेत्र के कलीचाबाद गांव में रविवार को एक हृदयविदारक हादसे में तालाब में डूबने से दो किशोरों की मौत हो गई। दोनों छात्र छुट्टी के दिन नहाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन गहरे दलदल में फंसने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार कलीचाबाद गांव निवासी 15 वर्षीय अंशु पुत्र आशुतोष उर्फ मंगल तथा 13 वर्षीय अल्तमश अंसारी पुत्र फखरे आलम रविवार को गांव के उत्तरी छोर पर स्थित ट्यूबवेल पर नहाने गए थे। ट्यूबवेल से नहाने के बाद दोनों पास के तालाब में उतर गए। ग्रामीणों के मुताबिक तालाब के भीतर गहरा दलदल था, जिसमें दोनों किशोर फंस गए और देखते ही देखते डूबने लगे।
बच्चों को डूबता देख आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल तालाब की ओर दौड़े और उन्हें बचाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही देवगांव कोतवाल सुनील कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मृतक अंशु कक्षा 10 का छात्र था, जबकि अल्तमश अंसारी कक्षा 6 में पढ़ता था। दोनों एसएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल, कलीचाबाद-निहोरगंज के छात्र थे। हादसे के बाद विद्यालय में भी शोक की लहर दौड़ गई। गांव में हर ओर मातम पसरा है और परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने बच्चों से बरसात के मौसम में तालाबों और गहरे जलाशयों से दूर रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *