
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र के गुजरपार बाजार के पास बुधवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूर्व एसएसबी सुबेदार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गुजरपार गांव निवासी 40 वर्षीय अमन उर्फ राजू सिंह सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में सुबेदार के पद पर तैनात रह चुके थे। परिजनों ने बताया कि वह कुछ दिन पहले घर आए थे और तब से ड्यूटी पर नहीं गए थे। बुधवार की देर शाम वह बाइक से गुजरपार बाजार जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर मुबारकपुर पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच कर रही है।
