उपला निकालते समय महिला को सांप ने डंसा, इलाज के दौरान मौत; परिवार में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। पवई थाना क्षेत्र के मुतकल्लीपुर गांव में गुरुवार की शाम उपला निकालते समय एक महिला को सांप ने डंस लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई ले गए, जहां से चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। बाद में टांडा पीजीआई में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुतकल्लीपुर गांव निवासी निर्मला देवी (56) पत्नी त्रिभुवन गुरुवार शाम घर में मिट्टी के चूल्हे पर दूध उबालने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान पास में रखे उपलों में से उपला निकालते समय उसमें छिपे सांप ने उनके हाथ में डंस लिया। महिला की चीख सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
परिजनों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई पहुंचाया। पति त्रिभुवन का आरोप है कि अस्पताल में एंटी स्नेक वेनम (एएसवी) इंजेक्शन उपलब्ध नहीं था और पर्याप्त उपचार न मिलने पर चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें टांडा पीजीआई ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। महिला की मौत से पूरे परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *