
आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र के इटौरा दयाल गांव में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए करीब 25 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। घटना की जानकारी सोमवार सुबह होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सतेंद्र पटेल पुत्र स्वर्गीय दूधनाथ पटेल के घर रविवार रात परिवार की तीन महिलाएं बरामदे में सो रही थीं, जबकि एक किशोर छत पर बने कमरे में था। रात करीब 10 बजे सभी सो गए थे और बरामदे के सामने लगे चैनल गेट पर ताला बंद था।
सोमवार तड़के करीब चार बजे एक महिला की नींद खुली। जब वह घर के अंदर जाने लगी तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। इसी दौरान छत पर मौजूद किशोर ने भी दरवाजा बंद होने की जानकारी दी। संदेह होने पर परिवार के लोग घर के पीछे पहुंचे, जहां एक खिड़की खुली मिली। अंदर जाकर देखा तो कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे।
शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान घर के पीछे स्थित बाग में चोरों द्वारा फेंके गए खाली बक्से और अटैची बरामद हुए।
पीड़ित परिवार के अनुसार चोर तीन सोने की अंगूठियां, तीन सोने की चेन, नथ, मांगटीका, मंगलसूत्र, चार जोड़ी चांदी की पायल सहित करीब 25 लाख रुपये के आभूषण और 40 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल से एक महिला का आभूषण घर के छज्जे पर बरामद हुआ है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा करने का दावा किया है।
