
आजमगढ़। सरायमीर थाना पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को नन्दाव मोड़, कस्बा सरायमीर के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त को सरायमीर क्षेत्र निवासी महिला ने सूचना दी थी कि उनकी नाबालिग बेटी कम्पोजिट विद्यालय पढ़ने गई थी। वह स्कूल से बैग लेकर बाहर निकली, लेकिन घर वापस नहीं पहुंची। परिजनों की खोजबीन में जानकारी मिली कि अजूबा पुत्र स्व. निर्गुन, निवासी पवईलाडपुर कथित रूप से बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।
मामले में सरायमीर थाने पर मु0अ0सं0 201/2026, धारा 87/137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
शनिवार को उपनिरीक्षक पंकज कुमार पुलिस टीम के साथ आरोपी की तलाश में जुटे थे। इसी दौरान सूचना के आधार पर करीब 10:05 बजे नन्दाव मोड़ के पास से आरोपी अजूबा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक पंकज कुमार, कांस्टेबल अंकुर सिंह और महिला कांस्टेबल संजू सिंह शामिल रहे।
