
आजमगढ़। करतालपुर बाईपास स्थित जी.डी. ग्लोबल विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। तिरंगे की आन-बान-शान के बीच आयोजित समारोह में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम की भावना को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत, ध्वजारोहण, वंदे मातरम् और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने वाद्य यंत्रों की प्रस्तुति, हिंदी-अंग्रेजी भाषण, काव्य पाठ, देशभक्ति गीत और विभिन्न आयु वर्गों के नृत्य प्रस्तुत किए। नर्सरी से कक्षा आठ तक के विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने विशेष उत्साह और उमंग का माहौल बनाया। नन्हे बच्चों की प्रस्तुतियों में देशप्रेम की निश्छल अभिव्यक्ति दिखाई दी, वहीं वरिष्ठ विद्यार्थियों ने राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और गौरव का संदेश दिया।
समारोह में विद्यालय की गौ-सेवा सहभागिता पहल भी विशेष आकर्षण रही। प्रत्येक विद्यार्थी अपने घर से दो रोटियां गौ-सेवा के लिए लेकर आया। शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यालय प्रबंधन ने भी इसमें सहभागिता की। एकत्रित रोटियों को विभिन्न गौशालाओं में भेजकर गौ-सेवा में समर्पित किया जाता है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा, करुणा, संवेदना और जीव-जगत के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना है।
विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता असंख्य वीरों के त्याग और बलिदान से अर्जित अमूल्य धरोहर है और आज के विद्यार्थी ही कल के भारत के निर्माता हैं।
प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि सच्चा देशप्रेम केवल राष्ट्रीय पर्वों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि विचार, व्यवहार और कर्म में भी दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करने और समाज व जीव-जगत के प्रति संवेदनशील बनने का आह्वान किया।
कार्यकारी निदेशक श्रीष अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्र निर्माण प्रत्येक नागरिक के अनुशासन, परिश्रम, ईमानदारी और जिम्मेदारी से होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रप्रेम, सेवाभाव और कर्तव्यबोध को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
प्रधानाचार्या दीपाली भुस्कूटे ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों से ज्ञान, एकता और मजबूत चरित्र को जीवन का आधार बनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
समारोह में वरिष्ठ समन्वयक जी.के. त्रिपाठी एवं सुमन यादव सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। उन्होंने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
