मंडलीय कारागार में पाक्सो एक्ट मामले में बंद 68 वर्षीय बंदी की मौत, सांस फूलने और बीपी की थी शिकायत

Uncategorized

आजमगढ़। मंडलीय कारागार में पाक्सो एक्ट के मामले में बंद 68 वर्षीय बंदी की शुक्रवार सुबह मंडलीय अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। गुरुवार देर रात अचानक सांस फूलने और ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर जेल प्रशासन ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान कंधरापुर थाना क्षेत्र के खजूरीहवा गांव निवासी चंद्रभान (68) पुत्र रामसमुझ के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। जेल प्रशासन ने बंदी की मौत की सूचना उसके परिजनों को दे दी है।
10 जुलाई 2025 से जेल में था बंद
जेलर विजय कुमार पांडेय ने बताया कि चंद्रभान पाक्सो एक्ट के मामले में 10 जुलाई 2025 से मंडलीय कारागार में निरुद्ध था। गुरुवार देर रात उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे सांस फूलने और ब्लड प्रेशर की शिकायत हुई, जिसके बाद तत्काल मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
बंदी की मौत की सूचना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *