दो ट्रॉली बैग में भरकर ला रहे थे 23 किलो गांजा, बिलरियागंज पुलिस ने तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को दबोचा, बिहार और गाजीपुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी, करीब पांच लाख रुपये कीमत का गांजा बरामद; गांजा पहुंचाने के बदले लेते थे रुपये

Uncategorized

आजमगढ़। बिलरियागंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो ट्रॉली बैग में पैक 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने एक वीवो मोबाइल फोन और दो ट्रॉली बैग भी बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री के खिलाफ अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में बिलरियागंज पुलिस 17 सितंबर को संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास कुछ संदिग्ध लोग ट्रॉली बैग लेकर मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान राजाबाबू सिंह पुत्र दिवाकर सिंह निवासी बलिहार, थाना सिमरी, जनपद बक्सर, बिहार, उम्र करीब 28 वर्ष, नेहा पासवान पुत्री स्वर्गीय जितेन्द्र पासवान निवासी फतेहपुर, थाना दिलदारनगर, जनपद गाजीपुर, उम्र करीब 20 वर्ष और पूनम देवी पत्नी प्रिंस कुमार निवासी सोनी इंतवा, थाना राजपुर, जनपद बक्सर, बिहार, उम्र करीब 31 वर्ष के रूप में हुई।
क्षेत्राधिकारी सगड़ी कौस्तुभ त्रिपाठी की मौजूदगी में नियमानुसार ट्रॉली बैगों की तलाशी ली गई। राजाबाबू सिंह के कब्जे वाले फिरोजी-काले रंग के ट्रॉली बैग से 12 बंडल बरामद हुए, जबकि दोनों महिला अभियुक्तों के कब्जे वाले काले रंग के ट्रॉली बैग से 11 बंडल मिले। बंडलों को खोलकर जांच की गई तो उनमें गांजा बरामद हुआ। दोनों ट्रॉली बैगों से मिले गांजे का कुल वजन 23.411 किलोग्राम निकला।
गांजा पहुंचाने के बदले मिलते थे रुपये
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह गांजा एक स्थान पर पहुंचाने के लिए दिया गया था। गांजा पहुंचाने के बदले उन्हें रुपये मिलते थे, जिसे वे आपस में बांटकर अपना जीवन-यापन करते थे। बरामद गांजे के संबंध में तीनों आरोपी कोई वैध अधिकार-पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके।
पुलिस ने तीनों को 17 सितंबर 2026 को शाम करीब 4:30 बजे गुलवा गौरी नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया। मामले में थाना बिलरियागंज में मुकदमा अपराध संख्या 234/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एक आरोपी का पहले से आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी राजाबाबू सिंह के खिलाफ पहले से दो मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गहमर थाना, गाजीपुर में वर्ष 2023 में धारा 504/506 भादवि और 67 आईटी एक्ट का मामला दर्ज है। इसके अलावा वर्ष 2026 में जीआरपी रांची, जमशेदपुर, झारखंड में एनडीपीएस एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार बरामदगी में 23.411 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये है, एक वीवो कंपनी का मोबाइल फोन और दो ट्रॉली बैग शामिल हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश राय, महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा पाण्डेय, कांस्टेबल छट्ठू साहनी, कांस्टेबल सन्तू साहू और महिला कांस्टेबल मधुबाला यादव शामिल रहीं। विशेष टीम में प्रभारी उपनिरीक्षक शशिकांत, मुख्य आरक्षी गोविंद तिवारी, मुख्य आरक्षी प्रमोद कुमार यादव, आरक्षी विशाल मल्ल, आरक्षी बसंत लाल, आरक्षी गुलाम रब्बानी और चालक आरक्षी विकास ठाकुर शामिल रहे। सर्विलांस सेल से मुख्य आरक्षी उमेश यादव की भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *