बिजली का बोर्ड ठीक करते समय करंट की चपेट में आया इलेक्ट्रिशियन, मौके पर हो गई मौत, मचा घर में कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़: बरदह थाना क्षेत्र के शादीपुर गांव में शुक्रवार की सुबह बिजली का बोर्ड ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन की मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
शादीपुर गांव निवासी सर्वेश गुप्ता (35) पुत्र स्वर्गीय श्याम नारायण गुप्ता शुक्रवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने नए निजी मकान के बेसमेंट में साफ-सफाई का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली का बोर्ड ठीक करने लगे। बेसमेंट में पानी और नमी होने के कारण बोर्ड ठीक करते समय अचानक वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना पर डायल 112 की टीम के साथ ठेकमा चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद पटेल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया गया कि सर्वेश तीन भाइयों में सबसे छोटे थे और इलेक्ट्रिशियन का काम करते थे। परिवार में पत्नी पिंकी के अलावा सात वर्षीय पुत्र और तीन वर्षीय पुत्री हैं। हादसे के बाद पत्नी पिंकी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के चाचा रामसुख गुप्ता ने मामले में थाने पर तहरीर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *