गांव के सीवान में पेड़ से लटकता मिला अज्ञात युवक, बकरी चरा रहे लोगों को बदबू आने पर पता चला, 3 से 4 दिन पुराना शव होने की आशंका, पुलिस ने कब्जे में लिया

Uncategorized

अतरौलिया (आशीष कुमार निषाद)। थाना क्षेत्र के भगतपुर गांव के सिवान में गुरुवार को पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव करीब तीन से चार दिन पुराना बताया जा रहा है। दुर्गंध आने पर बकरी चराने गए ग्रामीणों की नजर पेड़ से लटक रहे शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में ले लिया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
ग्रामीणों के अनुसार भगतपुर गांव के सिवान में कश्मीरिया स्थान के पास कुछ लोग बकरी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्हें पेड़ से लटकता हुआ शव दिखाई दिया। शव की हालत देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तत्काल इसकी सूचना अतरौलिया पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों से युवक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन देर शाम तक उसकी पहचान नहीं हो सकी। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। शव से दुर्गंध आने के कारण स्थानीय लोगों ने उसके तीन से चार दिन पुराना होने की आशंका जताई है।
ग्राम प्रधान बाबूलाल ने बताया कि गांव के सिवान में कश्मीरिया स्थान के पास अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के गांवों में युवक की पहचान कराने के साथ ही उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *