आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के छात्रों ने ज़िला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्राप्त किया प्रथम स्थान

Uncategorized

आजमगढ़। कोटिला चेक पोस्ट स्थित आजमगढ़ पब्लिक स्कूल के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है कि विद्यालय के होनहार खिलाड़ियों ने द इनोवेटिव अकादमी में आयोजित जनपद स्तरीय अंतर विद्यालय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में जैश पब्लिक स्कूल को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस उपलब्धि से विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है।
प्रतियोगिता में जिले भर से कुल 11 विद्यालयों ने प्रतिभाग किया था, जिसमें आजमगढ़ पब्लिक स्कूल की टीम विजेता रही।
प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम के जिन खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, उनमें शेख कमरान इरफान, सुभान फखरे आलम, मिर्ज़ा यूसुफ बेग, मोहम्मद मुसद्दिक, अब्दुल्लाह शेख, मोहम्मद अरक़म, मोहम्मद फैसल, मोहम्मद वारिस, मोहम्मद यासिर, मोहम्मद मोबश्शिर, सोमामा शाहिद एवं अब्दुल्लाह शेख शामिल रहे।
सभी खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना, अनुशासन, समर्पण एवं टीमवर्क का परिचय देते हुए यह ऐतिहासिक सफलता हासिल की। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि में टीम के प्रशिक्षक विनय कुमार सिंह एवं अहमर अकील का विशेष योगदान रहा, जिनके कुशल मार्गदर्शन एवं कठिन परिश्रम से टीम ने यह मुकाम प्राप्त किया।
विद्यालय के प्रबंधक सीए मोहम्मद नोमान ने विजेता खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती रूपल पंड्या ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है तथा विद्यालय भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *