
आजमगढ़। जिले के रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर बुधवार दोपहर दर्दनाक घटना में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना के बाद स्टेशन और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने शवों को कब्जे में लेकर महिला और बच्चों की शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। फिलहाल तीनों की पहचान नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस शाहगंज से आजमगढ़ की ओर आ रही थी। रानी की सराय रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होने के कारण वह बीच वाली पटरी से गुजर रही थी। इसी दौरान पहले से मौजूद महिला अपने बच्चों के साथ ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे ट्रैक पर महिला और दो बच्चों के क्षत-विक्षत शव देखकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और आरपीएफ जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और आरपीएफ के जवान मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उनकी पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही महिला और बच्चों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी भी जांच की जा रही है। एक साथ तीन लोगों की मौत से इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है।
