
आजमगढ़, 3 सितंबर। युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत गुरुवार को श्री गांधी पीजी कॉलेज, मालटारी में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 40 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया। विभिन्न कंपनियों की चयन प्रक्रिया में शामिल 3276 अभ्यर्थियों में से 1628 युवाओं को शॉर्टलिस्ट किया गया।
रोजगार मेले का शुभारंभ महाविद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य प्रो. कैलाश नाथ गुप्त ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मेले में एलएंडटी, एफआरएफ टायर, एनएसडीसी, टाटा मोटर्स, हिण्डाल्को, एसआईएस, श्रीराम पिस्टन और फ्लिपकार्ट समेत विभिन्न कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए।
हाईस्कूल से परास्नातक तक के युवाओं को अवसर
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, स्नातक और परास्नातक शैक्षिक योग्यता रखने वाले युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कंपनियों की ओर से बैंक ऑफिसर, सुपरवाइजर, सेल्स एग्जिक्यूटिव, सिक्योरिटी गार्ड, डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों की चयन प्रक्रिया की गई।
विदेश में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए भी मेले में अवसर उपलब्ध कराए गए। ऐसे अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए गए।
3276 ने कराया पंजीकरण, 1628 शॉर्टलिस्ट
रोजगार मेले में कुल 3276 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। विभिन्न कंपनियों की ओर से साक्षात्कार एवं चयन प्रक्रिया के बाद 1628 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। बड़ी संख्या में युवाओं की मौजूदगी से कॉलेज परिसर में पूरे दिन उत्साह का माहौल बना रहा।
अभ्यर्थियों ने कंपनियों के स्टॉल पर पहुंचकर उपलब्ध पदों, वेतन, कार्यक्षेत्र और चयन प्रक्रिया की जानकारी ली। एक ही स्थान पर अलग-अलग कंपनियों में रोजगार के अवसर मिलने से युवाओं को काफी सहूलियत हुई।
अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन का रहा सहयोग
मेले के सफल आयोजन और युवाओं के उत्साहवर्धन के लिए ब्लॉक प्रमुख मनीष कुमार मिश्र ने दूरभाष के माध्यम से शुभकामना संदेश दिया।
आयोजन में श्री गांधी पीजी कॉलेज, मालटारी के प्राध्यापकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड और अनुदेशक अवधेष कुमार सहित कार्यालय के कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर मेले के संचालन में सहयोग किया।
उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत आयोजित इस वृहद रोजगार मेले से जिले के युवाओं को एक ही मंच पर देश की प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ जुड़ने का अवसर मिला। 3276 पंजीकरण और 1628 युवाओं के शॉर्टलिस्ट होने से रोजगार मेले की सफलता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
