
आजमगढ़। गंभीरपुर थाना पुलिस ने निर्माणाधीन पेट्रोल पंप से लोहे के फर्मे चोरी करने की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी के तीन लोहे के फर्मे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सुल्तानपुर जनपद के करौंदी कला थाना क्षेत्र के सरसी निवासी मनोज यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जुलाई की रात रानीपुर रजमों स्थित निर्माणाधीन पेट्रोल पंप से अज्ञात चोर निर्माण कार्य में प्रयुक्त लोहे के फर्मे चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर गंभीरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी किए गए फर्मों को बेचने के लिए आरोपी पटेल ढाबा से हाईवे के रास्ते मोहम्मदपुर की ओर जा रहा है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शनिवार सुबह करीब 8:19 बजे मोहम्मदपुर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी के तीन लोहे के फर्मे बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंगद उर्फ गब्बर (29 वर्ष) पुत्र रामहित, निवासी रोहूआ थाना गंभीरपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। उसके विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपिन कुमार द्विवेदी एवं उनकी टीम ने की।
