
आजमगढ़। जमीन खरीदने के लिए प्रापर्टी डीलर पिता-पुत्र को 5.30 लाख रुपये देने के बाद भी जमीन नहीं मिलने और रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
सिधारी थाना क्षेत्र के नरौली निवासी बिरेन्द्र कुमार चौहान ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि जमीन खरीदने के लिए उसने कोतवाली क्षेत्र के कुर्मीटोला निवासी दिनेशचंद गुप्ता पुत्र पद्माकर गुप्ता और उनके बेटे यश गुप्ता उर्फ अंकित गुप्ता से संपर्क किया। दोनों लखनऊ और आजमगढ़ में प्रापर्टी डीलिंग का काम करते हैं और जमीन की प्लाटिंग कर बिक्री करते हैं।
पीड़ित के मुताबिक उसने जमीन खरीदने के लिए अलग-अलग तारीखों में आरटीजीएस के माध्यम से दिनेशचंद गुप्ता के खाते में वर्ष 2019 में कुल 4.50 लाख रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद दिनेशचंद गुप्ता के कहने पर 20 अगस्त 2019 को 80 हजार रुपये आनंद कुमार के खाते में आरटीजीएस के माध्यम से भेजे। इस तरह आरोप है कि उससे कुल 5.30 लाख रुपये लिए गए।
बिरेन्द्र कुमार चौहान का आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपित लगातार जमीन दिलाने का आश्वासन देकर उसे टालते रहे। काफी समय बीत जाने के बाद उसने आरोपितों से या तो जमीन दिलाने अथवा उसकी रकम वापस करने को कहा। आरोप है कि इस पर दोनों उससे नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए जमीन देने तथा रुपये वापस करने से साफ इनकार कर दिया।
पीड़ित के अनुसार आरोपितों ने उसे धमकी दी कि यदि वह बार-बार रुपये मांगने या इधर-उधर करने की कोशिश करेगा तो उसे जान से मारकर खत्म कर दिया जाएगा। इसके बाद वह मजबूर होकर पुलिस के पास पहुंचा और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
प्रार्थना पत्र में पीड़ित ने दिनेशचंद गुप्ता और यश गुप्ता उर्फ अंकित गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कार्रवाई किए जाने की प्रक्रिया शुरू की है।
