अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल अधेड़ की इलाज के दौरान मौत

Uncategorized

अतरौलिया आशीष कुमार निषाद। थाना क्षेत्र के डेमू डीहा किशुन देव पट्टी गांव निवासी 65 वर्षीय रामकरन निषाद की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा बुधवार को लोहरा गांव के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, रामकरन निषाद पुत्र स्वर्गीय सिधारी बुधवार को मोटरसाइकिल से लोहरा गांव स्थित अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। लोहरा गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंचते ही पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की सूचना 1033 के माध्यम से परिजनों को दी गई। जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल रामकरन को उपचार के लिए 100 शैया अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें लाइफ लाइन अस्पताल में भर्ती कराकर इलाज करा रहे थे।
बृहस्पतिवार करीब एक बजे इलाज के दौरान रामकरन ने दम तोड़ दिया। वह घर पर रहकर खेती-बाड़ी का काम करते थे। उनकी मौत से पत्नी पार्वती का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन पुत्र हनुमान, श्रीराम और रामजतन हैं।
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *