नाबालिग से जुड़ी अश्लील वीडियो और फोटो को सोशल वायरल करने का आरोपी पुणे से गिरफ्तार, आजमगढ़ की पुलिस ने की कार्रवाई

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद थाना पुलिस ने नाबालिग से संबंधित अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को बदनाम करने की धमकी देने के मामले में वांछित आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय पुणे में पेश कर ट्रांजिट रिमांड लेने के बाद आजमगढ़ लाया गया।
पुलिस के अनुसार, निजामाबाद थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि रत्नेश अवस्थी पुत्र ओमकार अवस्थी, उम्र करीब 44 वर्ष, उसकी नाबालिग पुत्री से संबंधित अश्लील, अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी, फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर उसकी प्रतिष्ठा धूमिल कर रहा था। साथ ही परिवार को बदनाम करने की धमकी भी दी जा रही थी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 193/2026 के तहत धारा 352, 351(3) बीएनएस और धारा 67ए आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया। विवेचना के दौरान मामले में पॉक्सो एक्ट की धारा 11/13 की भी बढ़ोतरी की गई।
मुकदमे में वांछित आरोपी रत्नेश अवस्थी की तलाश में पुलिस टीम ने महाराष्ट्र के पुणे में स्थानीय पुलिस के सहयोग से 12 सितंबर को शाम करीब 4:30 बजे उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद 13 सितंबर को आरोपी को न्यायालय पुणे में पेश किया गया, जहां से 15 सितंबर तक का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त किया गया। ट्रांजिट रिमांड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद आरोपी को आजमगढ़ लाया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *