
आजमगढ़। लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-34 के चौड़ीकरण कार्य में बाधा बन रहे अवैध कब्जों पर गुरुवार को फूलपुर बाजार में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम अशोक कुमार और क्षेत्राधिकारी किरन पाल सिंह के नेतृत्व में चलाए गए अभियान में दो जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क किनारे बने अवैध निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी से पूरे बाजार में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
प्रशासन ने बताया कि राजमार्ग चौड़ीकरण की जद में आने वाले 115 दुकानदारों को पहले ही नोटिस देकर निर्धारित समय के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। समय सीमा समाप्त होने के बाद भी कई लोगों ने कब्जा नहीं हटाया, जिसके बाद प्रशासन को बुलडोजर की कार्रवाई करनी पड़ी।
कार्रवाई शुरू होने की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने स्वयं ही अपने चबूतरे, टीन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण हटाने शुरू कर दिए। वहीं, जिन्होंने निर्देशों का पालन नहीं किया, उनके अवैध निर्माण जेसीबी से हटा दिए गए। अभियान के दौरान सड़क के दोनों ओर बने कई स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त किए गए, जबकि अनेक दुकानदार अपना सामान सुरक्षित स्थानों पर ले जाते दिखाई दिए।
एसडीएम अशोक कुमार ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के साथ ही आर्थिक दंड की कार्रवाई भी की जाएगी।
अभियान में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, अवर अभियंता, राजस्व विभाग के अधिकारी, लेखपाल एवं राजस्व निरीक्षक भी मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए फूलपुर, पवई, सरायमीर और दीदारगंज थानों की पुलिस मौके पर तैनात रही।
प्रशासन का कहना है कि माहुल तिराहा और ऊदपुर रेलवे स्टेशन रोड के आसपास वर्षों से सड़क किनारे अतिक्रमण होने के कारण चौड़ीकरण कार्य प्रभावित हो रहा था। इसके अलावा इस क्षेत्र में अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती थी, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती थी। कई बार चेतावनी और नोटिस देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटने पर आखिरकार प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया।
