
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार, 16 सितंबर को आजमगढ़ के दौरे पर आएंगे। जारी प्रोटोकॉल के अनुसार उपमुख्यमंत्री करीब दो घंटे जनपद में रहेंगे। इस दौरान वे विकास एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी लेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सुबह 10:55 बजे लखनऊ के लामार्टीनियर ग्राउंड स्थित हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे। करीब 11:55 बजे उनका हेलीकॉप्टर निजामाबाद तहसील क्षेत्र के गंभीरपुर के निकट स्थित हेलीपैड पर उतरेगा।
इसके बाद दोपहर 12:05 बजे उपमुख्यमंत्री गंभीरपुर स्थित अवधेश कुमार मौर्य के आवास पहुंचेंगे। यहां से वह जनपद में संचालित विकास कार्यों और निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण की स्थिति की जानकारी भी ली जाएगी।
दोपहर 12:40 बजे उपमुख्यमंत्री गंभीरपुर से जिवली के लिए रवाना होंगे। करीब 1 बजे वह बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम जिवली स्थित भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष, गोरखपुर विनोद राय के आवास पहुंचेंगे।
इसके बाद दोपहर 1:25 बजे जिवली से प्रस्थान कर 1:30 बजे गांव में वीरेन्द्र सरोज के घर के सामने बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से दोपहर 1:35 बजे हेलीकॉप्टर से रायबरेली के लिए रवाना हो जाएंगे।
उपमुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
