
आजमगढ़। जीयनपुर थाना पुलिस, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने तीन वर्ष से अधिक समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। पुलिस ने उसे मंगलवार को चंगईपुर तिराहा से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सर्वेश सिंह पुत्र गोपाल सिंह निवासी पनशब्दा, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। उसके खिलाफ घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और नकदी चोरी करने का मुकदमा दर्ज था।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2022 को पनशब्दा निवासी स्वेता सिंह ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर बताया था कि सर्वेश सिंह और विकाश उर्फ अभिषेक ने उनके घर का ताला तोड़कर आभूषण, बर्तन और रुपये चोरी कर लिए। इस मामले में मु0अ0सं0 440/2022 के तहत धारा 457 और 380 भादवि में मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान विकाश उर्फ अभिषेक के कब्जे से 20,024 रुपये बरामद होने पर मुकदमे में धारा 411 भादवि की बढ़ोतरी की गई और उसके खिलाफ आरोप-पत्र न्यायालय भेज दिया गया।
वहीं आरोपी सर्वेश सिंह लगातार पुलिस की गिरफ्त से बचता रहा। न्यायालय में उपस्थित नहीं होने पर उसके खिलाफ 31 दिसंबर 2023 को कुर्की की कार्रवाई की गई और धारा 457/380/411 भादवि के तहत उसे मफरूर घोषित करते हुए चालान किया गया। लंबे समय तक फरार रहने के कारण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ ने 7 सितंबर 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का पुरस्कार घोषित किया था।
एसएसपी के निर्देश पर वांछित और पुरस्कार घोषित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जीयनपुर के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मंगलवार को चंगईपुर तिराहा से करीब 10:55 बजे सर्वेश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त थाना रौनापार में दर्ज मु0अ0सं0 427/2022 धारा 363/366 भादवि के मामले में भी वांछित है। इस मामले की विवेचना थाना एएचटीयू आजमगढ़ द्वारा की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार सर्वेश सिंह के खिलाफ जीयनपुर थाने में धारा 457/380/411 भादवि के दो मुकदमे और धारा 174ए भादवि का एक मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा रौनापार थाने में धारा 363/366 भादवि के मामले में भी उसका नाम दर्ज है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार वर्मा, थाना जीयनपुर, हेड कांस्टेबल संजय सिंह सर्विलांस सेल, हेड कांस्टेबल अखिलेश चौधरी और हेड कांस्टेबल उपेन्द्र सिंह चन्देल स्वाट टीम तथा रिजर्व कांस्टेबल विशाल पाण्डेय थाना जीयनपुर शामिल रहे।
