
आजमगढ़। कंधरापुर थाना क्षेत्र के श्रीनगर (सियरहा) स्थित राधा-कृष्ण मंदिर से सेहदा की ओर करीब एक किलोमीटर आगे पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के 238.6 किलोमीटर पर सोमवार की सुबह सर्विस लेन के नीचे झाड़ी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 48 वर्ष बताई जा रही है। शव का चेहरा रक्तरंजित होने के कारण घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब छह बजे एक राहगीर की नजर सर्विस लेन के नीचे झाड़ी में पड़े शव पर पड़ी। उसने इसकी सूचना आसपास के ग्रामीणों को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटनास्थल बॉर्डर क्षेत्र में होने के कारण बिलरियागंज और कंधरापुर थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। शव की स्थिति और चेहरा रक्तरंजित होने के कारण ग्रामीणों में हत्या कर शव यहां फेंके जाने की आशंका को लेकर चर्चा बनी रही।
मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए जांच-पड़ताल की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान कराने के साथ ही घटना के कारणों की पड़ताल में जुटी है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
रिपोर्ट बबलू राय
