नहाने गया युवक तालाब में डूबा, दूसरे दिन बरामद हुआ शव, बाढ़ राहत बचाव दल पीएसी और गोताखोरों ने संयुक्त अभियान चलाकर निकाला शव, परिजनों में मचा कोहराम

Uncategorized

आजमगढ़। रानी की सराय थाना क्षेत्र के ऊंजी गांव स्थित काली माता मंदिर के पास तालाब में नहाने गए 35 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। रविवार दोपहर हादसे के बाद देर शाम तक ग्रामीणों ने तालाब में उसकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। सोमवार को बाढ़ राहत बचाव दल पीएसी की 20वीं बटालियन और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर करीब डेढ़ बजे युवक का शव बरामद कर लिया।

चकलालधर गांव निवासी अरुण चौहान रविवार दोपहर घर से तालाब में नहाने के लिए गया था। बताया गया कि नहाते समय वह तालाब की गहराई में चला गया और डूब गया। तालाब के पास खेल रहे बच्चों ने युवक को डूबते देखा तो शोर मचाया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तालाब में उसकी तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक काफी प्रयास के बावजूद युवक का पता नहीं चल सका।

सोमवार को रानी की सराय थाना प्रभारी निरीक्षक विमल प्रकाश राय हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद बाढ़ राहत बचाव दल पीएसी की 20वीं बटालियन और गोताखोरों की टीम ने तालाब में सघन तलाशी अभियान चलाया। करीब डेढ़ बजे टीम ने अरुण चौहान का शव तालाब से बरामद कर लिया।

शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *