
आजमगढ़। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सोमवार को एक लड़की का पिस्टल से फायरिंग करते हुए वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने सिधारी थाना प्रभारी को वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में एक लड़की हाथ में पिस्टल लेकर फायरिंग करती दिखाई दे रही है। वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। वीडियो सिधारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही लड़की और फायरिंग के स्थान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस की ओर से जिले में हर्ष फायरिंग और हथियारों के प्रदर्शन पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूर्व में ऐसे मामलों में शस्त्र लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई भी की गई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन और फायरिंग के वीडियो सामने आ रहे हैं।
एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि वाट्सऐप पर एक महिला के फायरिंग करने का वीडियो वायरल होने की जानकारी मिली है। वीडियो सिधारी थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। थाना प्रभारी को वीडियो की सत्यता की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
