
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के समेदा स्थित नर्सिंग कॉलेज के पास शनिवार रात तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से घायल पांच छात्राओं में से एक की रविवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। चार अन्य छात्राओं का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार निजामाबाद थाना क्षेत्र के संसारपुर बैसर गांव निवासी 20 वर्षीय यशी, कोढ़वां दुर्बासा निवासी 21 वर्षीय करीना और 20 वर्षीय आर्या यादव बी-फार्मा प्रथम वर्ष की छात्राएं हैं। वहीं फूलपुर थाना क्षेत्र की 20 वर्षीय सोनम ओटी टेक्नीशियन प्रथम वर्ष की छात्रा है। दुर्बासा, थाना फूलपुर निवासी 20 वर्षीय आरुषी यादव एएनएम की कोचिंग कर रही थी। बताया गया कि सभी छात्राएं इटौर के पास किराये के मकान में रहती थीं।
शनिवार रात हॉस्टल में बिजली नहीं होने के कारण करीब नौ बजे सभी पानी लेने के लिए पास स्थित नर्सिंग कॉलेज की ओर जा रही थीं। इसी दौरान समेदा के पास आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने छात्राओं को टक्कर मार दी। हादसे में सभी पांच छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
आरुषी यादव की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे शहर के लाइफ लाइन अस्पताल ले गए, जहां रविवार देर शाम इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आरुषी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं अन्य चार छात्राओं का मंडलीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
