
आजमगढ़। लालगंज तहसील परिसर में सोमवार को जमीन संबंधी विवाद को लेकर प्रार्थना पत्र देने पहुंची 70 वर्षीय महिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। वह परिसर में ही गिर पड़ी। आनन-फानन में तहसीलदार और न्यायिक तहसीलदार उसे सरकारी वाहन से सौ शैय्या अस्पताल लालगंज ले गए, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी सुमित्रा मौर्या (70) पत्नी रामप्रसाद मौर्या का अपने पाटीदार से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी मामले में वह सोमवार को एसडीएम नेहा मिश्रा को प्रार्थना पत्र देने लालगंज तहसील पहुंची थीं। प्रार्थना पत्र देने के बाद जब वह तहसील परिसर से बाहर निकल रही थीं, तभी अचानक उन्हें चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़ीं।
महिला के गिरने की जानकारी मिलते ही तहसीलदार शिवप्रकाश सरोज और न्यायिक तहसीलदार विवेकानंद दूबे मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने तत्काल महिला को अपनी सरकारी गाड़ी से सौ शैय्या अस्पताल लालगंज पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद एसडीएम लालगंज नेहा मिश्रा भी अस्पताल पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान चिकित्सकों की उपस्थिति की जांच की गई, जिसमें चार चिकित्सक अनुपस्थित मिले। इस पर एसडीएम ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए।
एसडीएम ने मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने और चिकित्सकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अस्पताल कर्मचारियों में भी हड़कंप की स्थिति रही। उधर, महिला की मौत की सूचना से परिजनों में शोक का माहौल है।
