
आजमगढ़। हाईवे किनारे खड़े वाहनों से डीजल चोरी करने वाले अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश करने और चार घटनाओं का सफल अनावरण करने वाली गम्भीरपुर पुलिस टीम को गुरुवार को सम्मानित किया गया।
गम्भीरपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए डीजल चोरी करने वाले गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई से गम्भीरपुर, निजामाबाद, मुबारकपुर और कप्तानगंज थाना क्षेत्रों में हुई डीजल चोरी की चार घटनाओं का खुलासा हुआ था।
इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पुलिसकर्मियों को पुलिस कार्यालय आजमगढ़ में एएसपी/क्षेत्राधिकारी सदर ईश्वर लाल गुर्जर ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों के कार्य की सराहना करते हुए आगे भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई करने के लिए प्रोत्साहित किया।
सम्मानित होने वालों में गम्भीरपुर थाने के उपनिरीक्षक योगेश कुमार सरोज, कांस्टेबल शोएब, कांस्टेबल शिवराम सरोज, कांस्टेबल अजीत पटेल और कांस्टेबल मिथिलेश यादव शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
