नहर के माइनर में लबालब पानी के बीच मिली अधेड़ की लाश, शिनाख्त नहीं, लगातार दूसरे दिन अज्ञात शव मिलने से पुलिस की बढ़ी चुनौती, एक दिन पहले एक्सप्रेसवे किनारे भी मिला था युवक का शव

Uncategorized

आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के खजूरी गांव के पास मंगलवार की सुबह शारदा सहायक 32 नहर के माइनर में पानी में डूबा अधेड़ व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। माइनर मड़ना-अभयपुर की ओर जाता है। पुलिया के पास लबालब भरे पानी में शव दिखाई देने पर खेत की तरफ जा रहे ग्रामीणों ने इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। कुछ ही देर में मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
शव की पहचान नहीं होने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को पानी से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की जेब से 20 रुपये का एक नोट मिला है। इसके अलावा ऐसा कोई सामान या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। मृतक के शरीर पर प्रथम दृष्टया किसी प्रकार के चोट के निशान भी नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि वह आसपास का रहने वाला हो सकता है और किसी तरह माइनर के किनारे पहुंचने के दौरान पैर फिसलने से पानी में गिर गया होगा। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
बताया जा रहा है कि घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर दूर गौरी की ओर मुख्य नहर है। पुलिस आसपास के गांवों में मृतक की पहचान कराने के साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।
गौरतलब है कि जनपद में लगातार दूसरे दिन अज्ञात शव मिलने से पुलिस की चुनौती बढ़ गई है। सोमवार को भी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के पास सर्विस रोड किनारे खाई में एक युवक का शव बरामद हुआ था। आशंका है कि युवक की हत्या के बाद शव वहां फेंका गया था। उस शव की भी अब तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। लगातार दो दिनों में मिले अज्ञात शवों को लेकर पुलिस दोनों मामलों में मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *