
आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के हैदराबाद छतवारा स्थित नई कालोनी में मंगलवार को पुलिस ने एक मकान पर छापेमारी कर चार महिलाओं को पकड़ा। कार्रवाई देह व्यापार संचालित किए जाने की शिकायत पर की गई। पुलिस सभी महिलाओं को थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
नई कालोनी निवासी हनुमान ने पुलिस अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि कालोनी के एक मकान में एक महिला अन्य महिलाओं के साथ मिलकर देह व्यापार संचालित कर रही है। शिकायतकर्ता का दावा था कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग वहां आते-जाते हैं। स्थानीय लोगों की ओर से पहले भी इसकी शिकायत किए जाने की बात कही गई थी।
शिकायत के आधार पर मंगलवार को सिधारी थाना पुलिस और महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बताए गए मकान पर छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद महिलाओं में हलचल मच गई। टीम ने चार महिलाओं को मौके से पकड़कर थाने पहुंचाया। पुलिस को मौके से आपत्तिजनक सामग्री मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
सीओ शुभम तोदी ने बताया कि सूचना के आधार पर सिधारी थाना और महिला थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। चार महिलाओं को थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
