घर के बाहर विद्युत पोल के स्टेरॉड में उतरा करंट, चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, कई बार पोल पर इंसुलेटर लगाने को लेकर SSO, JE और SDO से की थी लिखित और मौखिक शिकायत

Uncategorized

आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के चकमाली गांव में मंगलवार की रात विद्युत पोल के स्टेरॉड में उतरे करंट की चपेट में आने से एक बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश है। मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह (65) पुत्र रघुवीर सिंह के रूप में हुई।
बताया गया कि सुरेंद्र सिंह बीती रात किसी घरेलू काम से जा रहे थे। इसी दौरान आबादी के बीच लगे विद्युत पोल के स्टेरॉड में उतरे करंट की चपेट में आ गए। गंभीर स्थिति में परिजनों ने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिस विद्युत पोल पर स्टेरॉड लगा है, उसमें सुरक्षा के लिए उचित इंसुलेटर नहीं लगाया गया था। पोल आबादी के बीच बाउंड्रीवाल के अंदर स्थित है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने हादसे के लिए विद्युत विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए जांच और कार्रवाई की मांग की।
बुधवार सुबह भाजपा नेता एवं लालगंज के पूर्व जिला उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही से बुजुर्ग पेंशनधारक की जान चली गई। उन्होंने बताया कि मृतक की पेंशन से ही परिवार का भरण-पोषण होता था। उनका आरोप है कि आबादी वाले विद्युत पोलों पर सुरक्षा के लिए प्लास्टिक कवर समेत अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने के निर्देश हैं, लेकिन कर्मचारियों की लापरवाही से सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *