
आजमगढ़/अतरौलिया आशीष कुमार निषाद। अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी गांव स्थित नहर में मंगलवार सुबह अतरौलिया थाना क्षेत्र के अगया गांव निवासी 25 वर्षीय कुंदन कुमार का शव मिलने के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। कुंदन सोमवार शाम से लापता था। परिजनों ने कुछ लोगों पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने और हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप लगाया है।
पोस्टमार्टम के बाद मंगलवार शाम शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर एसडीएम बूढ़नपुर, क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौड़, अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
बुधवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने शव को घर से उठाकर अगया बाजार में अतरौलिया-अहरौला मार्ग पर जाम लगाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाकर जाम लगाने से रोक दिया। इस दौरान महिलाओं की संख्या अधिक रही। परिजन आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग करते हुए अंतिम संस्कार से इनकार कर रहे थे।
बाद में क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर, कप्तानगंज थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, अतरौलिया थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और अहरौला पुलिस ने परिजनों को काफी देर तक समझाया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए तैयार हुए। पुलिस की मौजूदगी में शव को वाहन से अंबेडकरनगर के कम्हरिया घाट भेजा गया।
पहले भी मारपीट और धमकी का आरोप
मृतक की मां बादामा और भाभी संध्या ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले चौबे का पूरा गांव के कुछ लोगों ने कुंदन के साथ मारपीट की थी और उसे जान से मारने की धमकी दी थी। परिजनों ने आशंका जताई कि उन्हीं लोगों ने कुंदन को बुलाकर उसकी हत्या की और शव नहर में फेंक दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर विजय सिंह गौड़ ने बताया कि परिजनों की ओर से कुछ लोगों पर कुंदन को बुलाकर ले जाने और हत्या किए जाने का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
