
आजमगढ़ के मेहनगर थाना क्षेत्र के सपनहर गांव में मंगलवार की रात भूमि संबंधी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से भूमि को लेकर विवाद बताया जा रहा है। आरोप है कि एक पक्ष के बेचन राजभर पुत्र कुद्दू राजभर और उनकी पत्नी गुड्डी राजभर के घर में घुसकर दूसरे पक्ष के रमेश राजभर पुत्र बुद्धू राजभर और उनके पुत्र अजीत राजभर ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया।
हमले में बेचन राजभर और उनकी पत्नी गुड्डी राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन और आसपास के लोगों की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मेहनगर पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना के संबंध में घायलों के पड़ोसी पवन सिंह ने मेहनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच भूमि विवाद को लेकर पहले से चले आ रहे विवाद की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
