
आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में वांछित चल रहे 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, 9 अगस्त को किशोरी की मां ने जहानागंज थाने में तहरीर दी थी कि उनकी नाबालिग पुत्री स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी। आरोप था कि मानव कुमार उर्फ अर्जुन उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मानव कुमार के खिलाफ धारा 137(2) और 87 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 65(1) बीएनएस और पॉक्सो एक्ट की धारा 3/4(2) की बढ़ोतरी की गई। इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
बुधवार को उपनिरीक्षक शिवम त्यागी पुलिस टीम के साथ वांछित आरोपी की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मानव कुमार उर्फ अर्जुन लंगड़ा बाबा स्थान, सेमा के पास मौजूद है और कहीं जाने की फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ व पहचान की पुष्टि के बाद उसे सुबह करीब 10:45 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान भीटी पल्हना, थाना देवगांव निवासी 21 वर्षीय मानव कुमार उर्फ अर्जुन पुत्र किशुन लाल के रूप में हुई। पुलिस ने अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक शिवम त्यागी, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार और कांस्टेबल अजीत कुमार शामिल रहे।
