नीलगाय को बचाने में पेड़ से टकराई कार, एक की मौत, दो गंभीर घायल, गांव के पास रविवार रात हुआ हादसा, कार के उड़े परखच्चे; मृतक की चार बेटियां और एक बेटा

Uncategorized

आजमगढ़। गंभीरपुर-मार्टीनगंज मार्ग पर बरदह थाना क्षेत्र के गोठांव गांव में रविवार रात करीब 9:30 बजे नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक, गोठांव गांव निवासी बालचंद्र यादव (40) पुत्र सागर यादव, चंदन बिंद (26) पुत्र अनिल और विजय मौर्य (32) पुत्र प्रीतम दीपावली के अवसर पर स्थापित प्रतिमा स्थल पर गए थे। रविवार रात तीनों कार से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार गांव के पास पहुंची, सामने अचानक नीलगाय आ गई। उसे बचाने के प्रयास में चालक कार से नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
हादसे में बालचंद्र यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन बिंद और विजय मौर्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए जौनपुर जनपद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची बरदह पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच में जुट गई।
मृतक बालचंद्र यादव गाड़ी चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी नीलम देवी, चार पुत्रियां और एक पुत्र हैं। हादसे के बाद पत्नी और बच्चों समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *