चोरी के मामलों में गैंगस्टर एक्ट में वांछित दो महिलाएं गिरफ्तार

Uncategorized

आजमगढ़। कोतवाली पुलिस ने चोरी की घटनाओं में संलिप्तता के आधार पर गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित चल रहीं दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी बुधवार सुबह प्राइवेट बस स्टैंड नरौली के पास से की गई।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय के नेतृत्व में टीम वांछित और वारंटी आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित दोनों महिलाएं नरौली स्थित प्राइवेट बस स्टैंड के पास मौजूद हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से दोनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ और तस्दीक के बाद आरोपियों की पहचान गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के सिधुआपार निवासी 35 वर्षीय शीला देवी पुत्री सीताराम और लखनपारा निवासी 24 वर्षीय काजल पत्नी करन के रूप में हुई। दोनों को सुबह करीब 10:45 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के खिलाफ कोतवाली थाने में गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज है। शीला देवी के खिलाफ कोतवाली और जीयनपुर थाने में चोरी से संबंधित दो अन्य मुकदमे भी दर्ज हैं, जबकि काजल के खिलाफ कोतवाली में चोरी से संबंधित एक मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट और मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक यादवेन्द्र पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी, अभिषेक कुमार मिश्रा समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *