
आजमगढ़। देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप सवार व्यक्ति को अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सुल्तानपुर जिले के चांदा थाना क्षेत्र के रजवाड़े रामपुर निवासी अकरम पुत्र मोहम्मद निसार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ सुल्तानपुर में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को लालगंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्रनाथ पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कबाड़ का काम करने वाला एक व्यक्ति पिकअप से गंभीरपुर की ओर से अवैध असलहा लेकर मेहनगर की तरफ जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बेसो नदी की पुलिया पर वाहन चेकिंग शुरू कर दी।
इस दौरान पुलिस को देखकर पिकअप सवार व्यक्ति वाहन रोककर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का एक देशी तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
