विदेश भेजने के नाम पर 41 हजार की ठगी, पुलिस साइबर टीम ने 12,616 रुपये वापस कराए

Uncategorized

आजमगढ़। रौनापार थाना क्षेत्र में विदेश भेजने के नाम पर ठगी के शिकार हुए युवक के खाते में साइबर टीम ने 12,616 रुपये वापस करा दिए। पीड़ित ने एक एजेंट को विदेश भेजने के नाम पर रकम दी थी, लेकिन न तो उसे विदेश भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए।
रौनापार क्षेत्र के अराजी अजगरा मशर्की गांव निवासी संजय यादव पुत्र उदयभान यादव ने मामले में 15 अगस्त 2026 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में कुल 41,200 रुपये की ठगी की बात कही गई थी। शिकायत संख्या 23108260159393 दर्ज होने के बाद थाना रौनापार की साइबर टीम ने संबंधित बैंकों से संपर्क कर ठगी की रकम की जांच शुरू की।
पुलिस के प्रयास से ठगी की रकम में से 33,636 रुपये आरोपित के बैंक खातों में होल्ड करा दिए गए। होल्ड रकम में से 12,616 रुपये 28 सितंबर को मनी रेस्टोरेशन मॉड्यूल (MRM) के माध्यम से पीड़ित के खाते में वापस करा दिए गए। शेष होल्ड रकम वापस कराने की प्रक्रिया भी जारी है।
पुलिस ने लोगों से विदेश भेजने, नौकरी दिलाने या वीजा बनवाने के नाम पर एजेंट को रकम देने से पहले उसके पंजीकरण और विश्वसनीयता की जांच करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *