
आजमगढ़। राजकीय मेडिकल कॉलेज आजमगढ़ के कॉलेज ऑफ नर्सिंग के छात्र-छात्राओं ने सोमवार को नर्सिंग इंटर्नशिप के दौरान स्टाइपेंड दिए जाने की मांग को लेकर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने हाथों में पोस्टर और तख्तियां लेकर अपनी मांग को प्रमुखता से उठाया और सरकार तथा संबंधित अधिकारियों से इस दिशा में जल्द ठोस निर्णय लेने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों के हाथों में लिए पोस्टरों पर “#STIPEND FOR NURSING INTERN” और “मेहनत हमारी शान, Stipend हमारा सम्मान” जैसे नारे लिखे थे। छात्रों का कहना था कि नर्सिंग इंटर्नशिप के दौरान वे अस्पताल में मरीजों की देखभाल, क्लीनिकल ड्यूटी और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण कार्य पूरी जिम्मेदारी के साथ करते हैं। इसके बावजूद उन्हें इंटर्नशिप के दौरान आर्थिक सहायता के रूप में कोई स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।
छात्रों ने कहा कि इंटर्नशिप नर्सिंग शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान छात्र-छात्राएं अस्पताल की व्यवस्थाओं में अपनी सेवाएं देते हुए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। नियमित ड्यूटी और जिम्मेदारियों के बावजूद स्टाइपेंड नहीं मिलने से छात्रों में नाराजगी है।
शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा आंदोलन
नर्सिंग छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग पूरी तरह से शांतिपूर्ण है और स्टाइपेंड की मांग को लेकर उनका आंदोलन आगे भी इसी तरीके से जारी रहेगा। छात्रों ने संबंधित स्वास्थ्य विभाग और शासन से उनकी मांग पर शीघ्र विचार कर आवश्यक निर्णय लेने की अपील की।
छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान उन्हें आर्थिक सहायता मिलनी चाहिए, ताकि पढ़ाई और प्रशिक्षण के साथ आने वाले खर्चों का कुछ हद तक वहन किया जा सके। छात्रों ने उम्मीद जताई कि सरकार और संबंधित अधिकारी उनकी मांग को गंभीरता से लेते हुए जल्द सकारात्मक कदम उठाएंगे।
