
आजमगढ़। दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर शुभम तोदी और शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने शहर में पैदल गश्त कर दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस टीम ने अग्रसेन चौराहे से गश्त शुरू कर बड़ा देव, बहादुरगंज चौक, पुरानी कोतवाली, तकिया, पहाड़पुर और पांडेय बाजार समेत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण किया।
इस दौरान शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि नगर क्षेत्र में कुल 151 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सभी पंडालों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क किया गया है। प्रतिमा विसर्जन यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए भी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में हुई घटना के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बालू और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने सहित अन्य सुरक्षा उपायों को लेकर मूर्ति पूजा समितियों के साथ पहले ही बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं। पंडालों पर पुलिस सुरक्षा गार्ड तैनात किए गए हैं और लगातार निगरानी की जा रही है।
मेले के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। मनचलों और अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए महिला थाना पुलिस की टीम के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों को भी संवेदनशील स्थानों पर लगाया गया है। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा और विसर्जन के दौरान शहर में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।
