आजमगढ़ में 74.34 फीसदी शिक्षक मतदाताओं ने किया मतदान, सुरक्षा बंदोबस्त संग मतपेटिकाओं के साथ गोरखपुर रवाना, गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन में 8592 मतदाताओं में से 6387 ने डाले वोट, डीएम की मौजूदगी में जमा कराई गईं सीलबंद मतपेटिकाएं

Uncategorized

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 में आजमगढ़ जिले के शिक्षक मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया। शुक्रवार को संपन्न मतदान में कुल 74.34 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाले। जिले में पंजीकृत 8592 शिक्षक मतदाताओं में से 6387 ने मतदान किया। इनमें 4682 पुरुष और 1705 महिला मतदाता शामिल रहीं।

मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ। निर्वाचन कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक 954 मतदाताओं ने मतदान किया, जो 11.57 प्रतिशत रहा। दोपहर 12 बजे तक 2994 मत (34.85 प्रतिशत) और दोपहर दो बजे तक 5013 मत (58.34 प्रतिशत) पड़े। शाम चार बजे तक मतदान का आंकड़ा 6356 यानी 73.98 प्रतिशत पहुंच गया। मतदान समाप्त होने तक कुल 6387 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान संपन्न होने के बाद जिलाधिकारी की उपस्थिति में सभी 23 पोलिंग पार्टियों ने सीलबंद मतपेटिकाएं और गोपनीय अभिलेख तहसील सदर स्थित अस्थायी संग्रह केंद्र पर सुरक्षित जमा कराए। इसके बाद मतपेटिकाओं और अभिलेखों को मजिस्ट्रेट तथा पुलिस की अभिरक्षा में गोरखपुर स्थित निर्धारित स्थल के लिए रवाना किया गया।

ऑनलाइन व्यवस्था से मतदाता सूची तैयार करने में मिली सुविधा

उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश में पहली बार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची तैयार करने से जुड़ी गतिविधियों को ऑनलाइन माध्यम से संचालित किया गया। इसके लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के माध्यम से आवेदन और मतदाता सूची तैयार करने की प्रक्रिया को डिजिटल बनाया गया।

उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पोर्टल के जरिए पात्र मतदाताओं को घर बैठे आवेदन करने की सुविधा मिली। एक नवंबर 2025 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची तैयार की गई और छह जनवरी 2026 को अंतिम निर्वाचक नामावली प्रकाशित की गई। इसके बाद नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन से संबंधित आवेदनों का निस्तारण कर पूरक सूचियां भी जारी की गईं।

मतदाताओं को अपने मतदेय स्थल और मतदाता क्रमांक की जानकारी प्राप्त करने के लिए भी ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध कराई गई। इसके तहत नाम और आवेदन के समय दर्ज मोबाइल नंबर के माध्यम से संबंधित जानकारी हासिल की जा सकती थी। अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी टीम ने करीब चार महीने में पोर्टल विकसित कर आवेदन, जांच, स्वीकृति-अस्वीकृति, दोहराव की पहचान और मतदाता सूची डाउनलोड करने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि ऑनलाइन व्यवस्था से मतदाता सूची तैयार करने और उसे उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अधिक सुविधाजनक हुई। मतदान के बाद सभी 23 पोलिंग पार्टियों की मतपेटिकाओं को निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के तहत गोरखपुर रवाना कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *